गोपालपुर: अवैध संबंध का दबाव बना रहा था युवक, महिला के विरोध पर मारी गोली, मौके पर मौत

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया

नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीनटंगा गांव स्थित बालू टोला में उस समय हड़कंप मच गया, जब दिनदहाड़े एक युवक ने 26 वर्षीय महिला को गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
इस निर्मम हत्या के पीछे की वजह सामने आई है कि आरोपी युवक प्रकाश मंडल, महिला पर कई दिनों से अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।

मोबाइल नंबर और संबंध बनाने का दबाव

परिजनों के अनुसार, मृतका मोनी देवी (उम्र लगभग 26 वर्ष) को आरोपी युवक पिछले कई महीनों से तंग कर रहा था। वह आए दिन महिला के घर के आस-पास घूमता था और मोबाइल नंबर मांगता था। उसने कई बार महिला को अकेले में मिलने और नाजायज संबंध बनाने की बात कही थी। महिला ने समाज और परिवार की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए कई बार आरोपी को सख्त मना किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।

विरोध किया तो गोली मार दी

आज सुबह आरोपी युवक एक बार फिर महिला से मोबाइल नंबर और बात करने की ज़िद करने लगा। जब महिला ने कड़े शब्दों में विरोध किया, तो प्रकाश मंडल ने गुस्से में आकर सीधे उसकी कनपटी पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर मौत हो गई।

ग्रामीणों ने पकड़ा था आरोपी, फिर भाग निकला

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। परिजनों ने बताया कि उन्होंने उसके पास से हथियार भी छीन लिया था, लेकिन वह भीड़ से हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। इलाके में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।

पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

परिजनों और ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है और पुलिस को उसके खिलाफ पहले ही कार्रवाई करनी चाहिए थी। परिजनों ने कड़ी सजा और त्वरित न्याय की मांग की है। महिला की मौत के बाद परिवार पर वित्तीय और मानसिक दोनों तरह का संकट टूट पड़ा है।


सुलगते सवाल

क्या महिला ने पूर्व में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी?

क्या आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है?

पुलिस को इतनी देर क्यों लगी कार्रवाई में?

महिलाओं की सुरक्षा की क्या व्यवस्था है?