न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया
विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर सोमवार को स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल, नवगछिया में भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के तत्वावधान में जलज परियोजना अंतर्गत जलज अमाला के तहत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जलज परियोजना के सहायक समन्वयक राहुल कुमार राज ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस दिन का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूक करना है। उन्होंने बच्चों को बताया कि यदि हम अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करें, जैसे – अधिक पेड़ लगाना, जल और बिजली की बचत करना, प्लास्टिक का कम उपयोग करना, तो हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जीव-जंतुओं की पारिस्थितिकी में भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। छात्रों को समझाया गया कि केंचुए, मधुमक्खियाँ, तितलियाँ जैसे जीव हमारी कृषि, भोजन और पर्यावरण के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। एक भी प्रजाति के विलुप्त होने से पूरी जैव श्रृंखला पर प्रभाव पड़ता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं है, यह हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। हमें अपने व्यवहार में सुधार लाकर धरती को स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा बनाना है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक संजय कुमार सिंह, नीलम देवी, नीलू झा, रुचि यादव, सौरभ कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्र प्रतिनिधियों में श्रेयसी कुमारी, आरव राज, खुशबू कुमारी, विवेकानंद कुमार, अनामिका झा, दीपक रंजन, प्रियंका मिश्रा प्रमुख रूप से सक्रिय रहे।