कैमूर में मुख्य सचिव का दौरा: अधौरा के विकास का भरोसा, भारतमाला परियोजना पर सख्त निर्देश

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, कैमूर

बिहार के मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा एक दिवसीय दौरे पर कैमूर पहुंचे। भभुआ स्थित सर्किट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान अधौरा क्षेत्र की पारंपरिक आदिवासी नृत्य मंडली ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। मुख्य सचिव ने बालिकाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्य सचिव ने नृत्य मंडली की छात्राओं से संवाद के दौरान अधौरा क्षेत्र की शिक्षा, बिजली और पानी की समस्याओं की जानकारी ली। एक कलाकार द्वारा उठाई गई समस्याओं पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री की ‘प्रगति यात्रा’ के दौरान अधौरा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए स्वीकृत योजनाएं जल्द ही धरातल पर उतरेंगी।

इसके बाद सर्किट हाउस में मुख्य सचिव ने जिलाधिकारी सुनील कुमार, पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला सहित जिले के वरीय अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था, मध्य निषेध, भूमि अधिग्रहण और विकास योजनाओं की गहन समीक्षा की।

कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा जाए। सभी प्रवेश एवं निकास बिंदुओं पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने नशा उन्मूलन अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने तथा मध्य निषेध कानून के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही न होने देने की बात कही।

भारतमाला परियोजना पर सख्ती

मुख्य सचिव ने भारतमाला परियोजना के अंतर्गत अधिग्रहीत भूमि में कृषि गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 3D प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद वह भूमि राज्य सरकार की संपत्ति है और उस पर खेती करना दंडनीय अपराध होगा।

जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी अंचल अधिकारियों एवं भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं को इस संबंध में निर्देश जारी करें। कृषि विभाग के कर्मियों को निगरानी में शामिल करें। परियोजना के एलाइनमेंट क्षेत्र में कोई भी अवैध गतिविधि न होने पाए।

मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश

मुख्य सचिव ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को निर्देशित किया कि जिन भू-स्वामियों के पक्ष में आर्बिट्रेशन आदेश पारित हो चुका है और जिन्होंने आवश्यक आवेदन दे दिए हैं, उन्हें शीघ्र भुगतान किया जाए।

प्रशासनिक सहभागिता

इस दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारी सहित सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे और अपने-अपने विभागों की स्थिति से मुख्य सचिव को अवगत कराया।