डॉ. अमरेंद्र की पुस्तक ‘पटकथा आरो पटकथा’ का लोकार्पण, अंगिका साहित्य को मिली नई दिशा

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर

अंगिका भाषा और साहित्य को समर्पित चर्चित साहित्यकार डॉ. अमरेंद्र की पुस्तक “पटकथा आरो पटकथा” का लोकार्पण शुक्रवार को स्थानीय बरारी के बड़गाछ चौक स्थित रंगकर्मी अरुण शीतांशु के आवास पर संपन्न हुआ।
यह आयोजन ‘अंग संवाद’ के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसमें साहित्यकार, रंगकर्मी, पत्रकार, कवि और शिक्षाविदों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

लोकार्पण समारोह में बोलते हुए डॉ. अमरेंद्र ने बताया कि यह पुस्तक उनके वर्षों के रेडियो नाटक लेखन, पटकथा प्रयासों और अंगिका भाषा की अभिव्यक्तियों का संकलन है। उन्होंने साझा किया कि कैसे दूरदर्शन, आकाशवाणी और अंगिका साहित्य ने उनके लेखन को आकार दिया।

समारोह में उपस्थित वक्ताओं डॉ. मधुसूदन झा, गीतकार राजकुमार, मुरारी मिश्र, अरुण शीतांशु, त्रिलोकीनाथ दिवाकर, गौतम सुमन गर्जना, डॉ. जयंत जलद सहित अन्य ने पुस्तक की प्रशंसा करते हुए इसे अंगिका साहित्य में एक नया अध्याय बताया।

वक्ताओं ने सर्वसम्मति से सुझाव दिया कि इस महत्वपूर्ण पुस्तक पर विशेष विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाए, जिससे इसकी वैचारिक और साहित्यिक गहराई को बेहतर समझा जा सके। अंत में धन्यवाद ज्ञापन अरुण शीतांशु द्वारा किया गया।