न्यूज स्कैन ब्यूरो, जमुई
बुधवार को आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 79 मीटर लंबा तिरंगा शहर की सड़कों पर लहराया गया, जो जवाहर स्कूल मैदान से शुरू होकर मुख्य सड़क बाजार होते हुए कचहरी चौक तक पहुंचा। ढोल-नगाड़ों और देशभक्ति गीतों के बीच निकली इस यात्रा में देशभक्ति का अद्भुत जोश देखने को मिला।
यात्रा का नेतृत्व जमुई की बीजेपी विधायक श्रेयसी सिंह ने किया, जिनके साथ बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक मौजूद थे। बीजेपी जिला अध्यक्ष दुर्गा केसरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी इस मौके पर शामिल हुए। विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही, जिन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
विधायक श्रेयसी सिंह ने बताया कि यह तिरंगा यात्रा 79वें स्वतंत्रता दिवस की स्मृति में 79 मीटर लंबा तिरंगा लेकर निकाली गई। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रवाद की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से इस यात्रा का आयोजन किया है।
अपने संबोधन में विधायक ने पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ तिरंगा लहराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प है।
उन्होंने सरहद पर तैनात सैनिकों को प्रेम और आशीर्वाद भेजते हुए कहा कि एक भारतीय नारी होने के नाते वह हमेशा देश की रक्षा में जुटे जवानों के साथ खड़ी रहेंगी। यह यात्रा जमुई में राष्ट्रभक्ति और एकता का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुई।