न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
बिहार लोक सेवा आयोग, पटना द्वारा आयोजित 71वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन 13 सितम्बर 2025 (शनिवार) को एकल पाली में किया जाएगा। परीक्षा का समय दोपहर 12:00 बजे से 02:00 बजे तक निर्धारित है। इसको लेकर जिला प्रशासन भागलपुर ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
परीक्षा नियंत्रक, बिहार लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार भागलपुर शहरी क्षेत्र में कुल 44 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा ली जाएगी। सभी केन्द्रों को 23 जोनों में विभाजित किया गया है। कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केन्द्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी, गश्ती दल-सह-जोनल दंडाधिकारी और उड़नदस्ता दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
समीक्षा भवन में आयोजित ब्रीफिंग में जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने केन्द्राधीक्षकों और दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिन सभी वीक्षक प्रातः 9:00 बजे अपने-अपने केन्द्रों पर उपस्थित रहेंगे और 9:30 बजे से परीक्षार्थियों की गहन तलाशी (Frisking), QR/Barcode स्कैनिंग और पहचान-पत्र मिलान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि सुबह 11:00 बजे तक ही परीक्षार्थियों को प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद परीक्षा केन्द्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। किसी भी परीक्षार्थी को 11:00 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
प्रतिबंधित सामग्री
प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, सामान्य या स्मार्ट घड़ी, व्हाइटनर, इरेजर और ब्लेड जैसी सामग्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
सुरक्षा एवं पारदर्शिता
परीक्षा कक्ष में 11:00 से 11:30 बजे तक दोबारा Frisking की जाएगी।
11:30 बजे सील्ड बॉक्स से प्रश्न पुस्तिका निकाली जाएगी, यह प्रक्रिया अभ्यर्थियों के सामने और विडियोग्राफी के बीच होगी।
11:55 बजे प्रश्न पत्र और OMR शीट का वितरण किया जाएगा तथा 12:00 बजे परीक्षा प्रारंभ होगी।
परीक्षा अवधि में किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।
रोल नम्बर लिखने का निर्देश
परीक्षार्थियों को OMR शीट पर केवल छह अंकों वाला रोल नम्बर ही लिखना होगा। पंजीयन संख्या लिखने पर कार्रवाई की जाएगी।

बायोमेट्रिक और सीसीटीवी निगरानी
जिला प्रशासन ने परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विशेष तकनीकी इंतजाम किए हैं।
E-Admit Card पर QR/Barcode स्कैनिंग,
Biometric Authentication व Face Recognition,
CCTV कैमरों की निगरानी परीक्षा केन्द्र के प्रवेश द्वार, कंट्रोल रूम और सभी कक्षों में की जाएगी।
डीएम ने सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।


























