खरीक टोल प्लाजा के पास 6,200 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त, एक गिरफ्तार

न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, नवगछिया/भागलपुर
मद्य निषेध थाना, नवगछिया को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खरीक टोल प्लाजा के समीप वाहन जांच के दौरान एक छह चक्का ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
जांच के क्रम में ट्रक से 6199.920 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹74,39,904 आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विक्रम महतो (29 वर्ष), पिता–विष्णुनिया महतो, निवासी–फरसरा, वार्ड संख्या 16, थाना–दालकोला, जिला–उत्तर दिनाजपुर, राज्य–पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष के निर्देश पर अवर निरीक्षक राजू कुमार (मद्य निषेध) ने किया। उनके साथ मद्य निषेध सिपाही और गृह रक्षक बल के जवान भी मौजूद थे।
मद्य निषेध विभाग, भागलपुर द्वारा अवैध शराब के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।