न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
जिले में कोई बुजुर्ग बेघर नहीं रहेगा। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत मुख्यमंत्री वृद्धजन आश्रय स्थल का शुभारंभ सोमवार को भभुआ नगर परिषद क्षेत्र में किया गया। 50 बेड क्षमता वाले इस आश्रय स्थल का उद्घाटन भभुआ नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय एवं विकास उर्फ बब्लू तिवारी ने संयुक्त रूप से किया।
यह जिले का पहला सरकारी वृद्धजन आश्रय स्थल है, जहां ऐसे बुजुर्गों के लिए रहने, खाने और इलाज की संपूर्ण व्यवस्था की गई है, जो अपने घर से निकाले गए हैं या जिनके पास जीवन-यापन का कोई साधन नहीं है।
आश्रय स्थल में डॉक्टर, एएनएम, फिजियोथेरेपिस्ट, नाई, धोबी और सुरक्षाकर्मी की नियुक्ति की गई है। साथ ही, जीविका समूह के माध्यम से भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यहां रह रहे बुजुर्गों की देखभाल के लिए साफ-सफाई, स्वास्थ्य जांच और मनोरंजन की सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने कहा कि भभुआ में पहली बार वृद्धजनों के लिए आश्रय स्थल बनाया गया है। यह बिहार सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है। 50 बुजुर्गों के रहने, खाने और इलाज की व्यवस्था यहां की गई है। जिले के ऐसे सभी लोग जिनके घर में कोई बेघर या बेसहारा बुजुर्ग हैं, उन्हें इस आश्रय स्थल तक भेजें, ताकि वे सम्मानजनक जीवन बिता सकें।