47 बिहार बटालियन एनसीसी के दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन, कैडेट्स ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प

न्यूज स्कैन ब्यूरो, बरौनी
47 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा बरौनी में आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का समापन हो गया। 4 जनवरी से 13 जनवरी तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में जिले एवं आसपास के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के लगभग 500 एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ भाग लिया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए 47 बिहार बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और कठिन परिश्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण शिविर युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है, जो उनमें राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और टीमवर्क जैसे महत्वपूर्ण गुणों का विकास करता है।
कर्नल राना ने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे भविष्य में देश सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने जीवन का उद्देश्य बनाएं।
इस दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, हथियार प्रशिक्षण, फायरिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट का गहन अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान भी आयोजित किए गए, जिससे कैडेट्स का सर्वांगीण विकास हो सके।
समापन समारोह के अवसर पर शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं—ड्रिल, फायरिंग, खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों—में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी कैडेट्स को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अंत में कर्नल जितेंद्र सिंह राना ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी ए.एन.ओ./सी.टी.ओ., पी.आई. स्टाफ, जी.सी.आई. एवं सिविल स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया। एनसीसी गान के साथ शिविर का औपचारिक समापन हुआ, जिसके बाद कैडेट्स अपने-अपने संस्थानों के लिए नए अनुभव और आत्मविश्वास के साथ रवाना हुए।