न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल
, बीरपुर द्वारा कमांडेंट गौरव सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 29 दिसंबर से प्रारंभ किया गया था और 5 फरवरी को समापन समारोह आयोजित किया गया।
जिसमें 45वीं वाहिनी एसएसबी, बीरपुर के कार्यक्षेत्र अंतर्गत आने वाले जीवंत गांवों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण कक्षाओं का संचालन आईटीआई, बीरपुर द्वारा किया गया, जिससे प्रतिभागी महिलाओं को सिलाई एवं वस्त्र निर्माण से संबंधित गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण प्राप्त हुआ।
कुल 30 कार्य दिवसों की अवधि में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 23 महिला प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत यह कार्यक्रम महिलाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि, स्वरोजगार के अवसरों के सृजन व उनके सामाजिक-आर्थिक स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रशिक्षण समापन समारोह के अवसर पर प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट, 45वीं वाहिनी एसएसबी, बीरपुर द्वारा सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाली महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं के लिए इस प्रकार के नागरिक कल्याण कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, ताकि वे कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर वाहिनी अधिकारी गण, बलकर्मी, आईटीआई से चीफ इंस्ट्रक्टर अशोक प्रसाद एवं सिलाई प्रशिक्षिका वीणा कुमारी उपस्थित रहे।



























