न्यूज स्कैन ब्यूरो,अररिया
फारबिसगंज के एक आवासीय होटल परिसर स्थित दो साइबर कैफे में अनुमंडल प्रशासन ने छापेमारी कर मनी ट्रांसफर के माध्यम से जमा 36 लाख रूपये से अधिक की राशि जब्त की।गुप्त सूचना पर फारबिसगंज एसडीएम सह निर्वाची पदाधिकारी रंजीत कुमार रंजन,एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा,थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस बलों के साथ छापेमारी कर 36 लाख से अधिक की राशि जब्त की।अनुमंडल प्रशासन की ओर से लागू आदर्श आचार संहिता के आलोक में कार्रवाई की गई।अनुमंडल प्रशासन ने यह कार्रवाई जियो साइबर कैफे और कैलाश साइबर कैफे में की।जियो साइबर कैफे के प्रोपराइटर सुधीर चौधरी और प्रभाष कुमार हैं।जबकि कैलाश साइबर कैफे के प्रोपराइटर कैलाश कुमार हैं।जियो साइबर कैफे से अनुमंडल प्रशासन ने 18 लाख 55 हजार 610 रूपये और कैलाश साइबर कैफे से 18 लाख 17 हजार के करीब में रूपये जब्त किए गए।कहा जा रहा है बिहार में हो रहे चुनाव को लेकर मनी ट्रांसफर के माध्यम से इस राशि को राजनीतिक लाभ को लेकर मंगाया गया था,जिसको लेकर पुलिस जांच कर रही है।इस राशि की चुनाव में इस्तेमाल होने की संभावना जताई जा रही है।प्रशासन के द्वारा पैसे को जब्त कर लिया गया है और मामले की जानकारी आयकर विभाग को भी दी गई है।
मामले को लेकर फारबिसगंज एसडीएम सह निर्वाची पदाधिकारी रंजीत कुमार रंजन ने बताया कि सूचना के आलोक में होटल ज्योति परिसर स्थित दो साइबर कैफे में छापेमारी की गई। जिसमें करीबन 35 लाख 20 हजार की राशि की बरामदगी की गई है। राशि को जब्त कर लिया गया है और मामले की जानकारी इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को दे दी गई है।
वहीं मौके पर मौजूद एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा ने बताया कि मनी ट्रांसफर की जांच चल रही है। मामले को लेकर साइबर कैफे संचालक से पूछताछ की जा रही है।जब्त राशि के चुनाव में इस्तेमाल किए जाने के मामले को लेकर भी जांच की जा रही है।
दो साइबर कैफे से 36 लाख से अधिक की राशि बरामद,अनुमंडल प्रशासन ने देर रात की छापेमारी
































