न्यूज स्कैन रिपाेर्टर, भागलपुर
कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार द्वारा मधुबनी में आयोजित होने वाले दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सहभागिता के लिए भागलपुर जिला से चयनित युवा कलाकारों को सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। समाहरणालय परिसर से दो दल-प्रमुखों के नेतृत्व में कुल 31 युवा प्रतिभागी मधुबनी के लिए प्रस्थान किए।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन, किलकारी के प्रमंडलीय कार्यक्रम समन्वयक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। चयनित प्रतिभागी जिला स्तरीय युवा महोत्सव में कविता, कहानी लेखन, वक्तृता, समूह लोक गायन, समूह लोक नृत्य तथा चित्रकला विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य स्तर पर भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी युवा कलाकार भागलपुर की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि इनकी प्रस्तुति आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अंग संस्कृति की लोक गाथाओं को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करते हुए मधुबनी में भागलपुर का परचम लहराकर लौटें।
वहीं जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने कहा कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव में शिष्टाचार, संस्कार और अंगिका संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करना सभी प्रतिभागियों का लक्ष्य होना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक विधाओं में सफलता प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित युवा उत्सव में सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन मधुबनी जिले में 24 एवं 25 दिसंबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता समाप्ति के उपरांत भागलपुर से गए सभी प्रतिभागियों का 26 दिसंबर को पुनः भागलपुर आगमन होगा।

































