न्यूज स्कैन ब्यूरो, किशनगंज
किशनगंज रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वायड की संयुक्त टीम ने किशनगंज रेलवे स्टेशन के पार्किंग स्थल 1A से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। तीन लावारिस बैगों में कुल 29.040 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख 52 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, टीम गश्त के दौरान पार्किंग क्षेत्र में संदिग्ध बैग देखी। जब इन्हें खोला गया, तो तेज गंध आने लगी। तलाशी में सभी बैग गांजे से भरे हुए पाए गए। पैकिंग और गुणवत्ता के आधार पर प्रथम दृष्टया यह गांजा मणिपुर या पूर्वोत्तर राज्यों से आया हुआ प्रतीत हो रहा है।
RPF ने तुरंत सामग्री जब्त कर स्थानीय जीआरपी थाना किशनगंज को सूचना दी। जीआरपी ने NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस और RPF संयुक्त रूप से तफ्तीश और CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि बैग किसने और कब छोड़े।
पिछले कुछ महीनों में किशनगंज रेलवे स्टेशन से गांजा तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। यह इलाका बिहार-बंगाल-नेपाल सीमा के पास होने के कारण तस्करों के लिए ट्रांजिट पॉइंट बन गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि चेकिंग के दौरान गांजा स्टेशन परिसर के पास पार्किंग स्थल से बरामद हुआ। कार्रवाई के समय एक एक्सप्रेस ट्रेन स्टेशन पर पहुंची थी, वहीं रेल थाना की पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही साजिश के मुख्य आरोपी को पकड़ने की कोशिश की जाएगी।

































