कैमूर के दुर्गावती में 2 किलो गांजा बरामद, एक गिरफ्तार: दुकान की आड़ में सप्लाई का आरोप, तराजू-वजन भी जब्त

न्यूज स्कैन ब्यूरो, कैमूर
कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलो गांजा बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान खजुरा गांव निवासी लक्ष्मण पाडये के रूप में हुई है।
दुकान की आड़ में चल रहा था कारोबार
थाना प्रभारी गिरीश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली–कोलकाता राष्ट्रीय राजमार्ग 19 (एनएच-19) स्थित कर्मनाशा के समीप एक दुकानदार अपनी दुकान की आड़ में गांजा की सप्लाई करता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी गिरीश कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। मौके पर अंचलाधिकारी सदानंद कुमार भी उपस्थित थे।
तराजू और वजन के साथ जब्ती
पुलिस ने कुल 2 किलो गांजा जब्त किया है। साथ ही गांजा तौलने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे तराजू और वजन भी बरामद किए गए हैं। बरामद गांजे की कीमत हजारों से लेकर लाखों रुपये तक आंकी जा रही है।
आरोपी से पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिल सके।

More posts