सड़क दुर्घटना 18 वर्षीय युवक की हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम

न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल

जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के लालजी चौक और सुखाय चौक के बीच बुधवार की देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई। मृतक 18 वर्षीय राजा कुमार भीमपुर थाना क्षेत्र के जीवछपुर पंचायत के बेलागंज निवासी लक्ष्मण मुखिया का पुत्र बताया जा रहा है। मृतक अपने दोस्तों के साथ महद्दीपुर मेला से वापस घर लौट रहा था। दुर्घटना की सूचना के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों से आवश्यक पूछताछ की। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया। स्थल पर मौजूद बेलागंज निवासी युवक ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई के साढु की बाइक लेकर अन्य साथियों के साथ महद्दीपुर मेला घुमने गया था। मृतक राजा ही उसका बाइक चला रहा था और वह पीछे बैठा हुआ था। मेला से लौटने के क्रम में तेज रफ्तार के कारण बाइक असंतुलित होकर हाइवे पर गिर गया। उन्होंने बताया कि बाइक गिरने के बाद वह हाइवे किनारे झाड़ी में फेंका गया, लेकिन बाइक फिसलकर सड़क किनारे रखे नाद से जा टकराया और सिर में गंभीर चोट के कारण राजा की मौके पर ही मौत हो गई। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण ही यह हादसा हुआ है।घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मच गया है। इस बाबत थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस रात के समय ही घटना स्थल पर पहुंचकर आवश्यक पड़ताल में जुट गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेजा गया है। मृतक के परिजनों के द्वारा अब तक आवेदन नहीं दिया गया है।आवेदन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई होगी।