न्यूज स्कैन ब्यूरो, सुपौल
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-प्रभारी जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 25 जनवरी रविवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-प्रभारी जिलाधिकारी मो. तारिक एवं जिले के अन्य पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-प्रभारी जिलाधिकारी ने उपस्थित पदाधिकारियों, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, पीडब्लूडी आइकॉन संतोष कुमार, उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ, जिले के गणमान्य नागरिकों एवं युवा निर्वाचकों को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी और वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने की परंपरा प्रारंभ की गई। यह दिन नागरिकों के मताधिकार, लोकतंत्र एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य केवल नागरिकों को निर्वाचक सूची में पंजीकरण के लिए प्रेरित करना ही नहीं, बल्कि निर्वाचन प्रक्रिया की संपूर्ण जानकारी आम जनों तक पहुँचाना, चुनावों में जनभागीदारी बढ़ाना तथा मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना भी है। प्रत्येक नागरिक का मतदान लोकतंत्र को सशक्त बनाता है, इसलिए सभी को अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करना चाहिए।
युवा मतदाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्र की नींव होते हैं। उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं निर्वाचन प्रक्रिया को भली-भांति समझते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम मय इंडिया मय वोटर है।
निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के क्रम में जानकारी दी गई कि जिले के 5 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 15,43,418 है, जिसमें 8,10,961 पुरुष, 7,32,443 महिला तथा 14 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। वहीं, विधानसभा निर्वाचन 2025 में जिले का विटीआर 72.81 प्रतिशत रहा, जो वर्ष 2020 के निर्वाचन की तुलना में 10.47 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 के दौरान सभी बीएलओ , सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्य की सराहना करते हुए इसे संतोषजनक एवं उत्साहवर्धक बताया और सभी को बधाई दी।समारोह के दौरान जिले के 5 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 26 मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारियों, 5 डाटा एंट्री ऑपरेटर,1 कार्यपालक सहायक, 1 आईटी प्रबंधक, 2 मास्टर प्रशिक्षक, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उप निर्वाचन पदाधिकारी अनिरुद्ध प्रसाद यादव धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

































