पांच विधानसभा क्षेत्रों में कुल 48 प्रत्याशी मैदान में, युवा और वरिष्ठ मतदाताओं की भूमिका होगी अहम
विनय कुमार मिश्र, सुपौल
विधानसभा चुनाव में जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों निर्मली, पिपरा, सुपौल, त्रिवेणीगंज और छातापुर में कुल 15 लाख 39 हजार 242 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 48 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 8,08,795 पुरुष, 7,30,433 महिला और 14 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सुपौल जिले में महिला मतदाताओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। पिछली बार की तुलना में महिलाओं की पंजीकरण दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे साफ है कि इस चुनाव में महिला वोट बैंक निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
युवाओं में उत्साह, 18-19 आयु वर्ग के 34 हजार मतदाता
युवा मतदाताओं में भी इस बार खासा उत्साह देखा जा रहा है। जिले में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 34,001 नए मतदाता बने हैं, जिनमें 20,432 पुरुष और 13,569 महिलाएं शामिल हैं। सबसे अधिक युवा मतदाता छातापुर विधानसभा क्षेत्र में हैं, जिनकी संख्या 7,487 है।
85 वर्ष से अधिक उम्र के 8,331 मतदाता भी तैयार
सुपौल में 85 वर्ष से ऊपर के 8,331 वरिष्ठ मतदाता इस बार लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेंगे। इनमें 3,540 पुरुष और 4,791 महिला मतदाता शामिल हैं। प्रशासन ने इनके लिए विशेष सुविधाओं की व्यवस्था की है ताकि वे आसानी से मतदान केंद्र तक पहुंच सकें।
12,269 दिव्यांग मतदाता और 1,428 सेवा मतदाता
जिले में कुल 12,269 दिव्यांग मतदाता (PWD) पंजीकृत हैं, जिनमें 7,551 पुरुष और 4,718 महिलाएं हैं। निर्वाचन विभाग ने इनके लिए व्हीलचेयर, रैंप और सहायक मतदान सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, 1,428 सेवा मतदाता भी हैं जो अपने मतदान अधिकार का उपयोग डाक मतपत्र के माध्यम से करेंगे।
सबसे बड़ा क्षेत्र छातापुर, सबसे कम मतदाता सुपौल में
पांचों विधानसभा क्षेत्रों में छातापुर में सबसे अधिक 3,33,265 मतदाता हैं, जबकि सुपौल में सबसे कम 2,93,080 मतदाता पंजीकृत हैं।
जिले के कुल 48 प्रत्याशी अब मतदाताओं को रिझाने में जुटे हैं।
बढ़ते महिला और युवा मतदाताओं की संख्या के मद्देनजर यह स्पष्ट है कि सुपौल का यह चुनाव पारंपरिक समीकरणों से आगे बढ़कर ‘नए मतदाता, नई दिशा’ का संदेश दे सकता है।
विधान सभा वार मतदाता संख्या
विधानसभा संख्या विधानसभा का नाम पुरुष मतदाता महिला मतदाता थर्ड जेंडर कुल मतदाता
41 निर्मली 1,60,474 1,43,405 1 3,03,880
42 पिपरा 1,59,204 1,45,666 7 3,04,877
43 सुपौल 1,54,621 1,38,459 0 2,93,080
44 त्रिवेणीगंज 1,58,399 1,45,739 2 3,04,140
45 छातापुर 1,76,097 1,57,164 4 3,33,265
कुल 8,08,795 7,30,433 14 15,39,242
18-19 वर्ष आयु वर्ग के मतदाता
वर्ग पुरुष महिला कुल
युवा मतदाता 20,432 13,569 34,001














