न्यूज स्कैन ब्यूरो, छपरा
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) में बड़ा संगठनात्मक संकट खड़ा हो गया है। सारण जिले में पार्टी के 139 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक साथ इस्तीफा देकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। इस्तीफा देने वाले नेताओं ने पार्टी के बिहार प्रभारी और जमुई से सांसद अरुण भारती पर अवैध वसूली और तानाशाही रवैये का आरोप लगाया है।
पार्टी छोड़ने वालों में पूर्व जिला अध्यक्ष एवं मौजूदा प्रदेश सचिव दीपक कुमार सिंह, 39 मंडल समिति सदस्य, 16 प्रखंड अध्यक्ष, 30 महिला समिति सदस्य और 40 नगर निकाय समिति के पदाधिकारी शामिल हैं। दीपक कुमार सिंह का आरोप है कि “संकल्प यात्रा के नाम पर सारण से जबरन धन उगाही की गई और विरोध करने वाले कार्यकर्ताओं को अपमानित किया गया।” उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी को अध्यक्ष चिराग पासवान के करीबी अरुण भारती एक निजी कंपनी की तरह चला रहे हैं।