120 साल की भागलपुर की ‘दादी’ क्या बनेंगी दुनिया की सबसे उम्रदराज महिला?

  • सबसे बुज़ुर्ग इंसान के दावे पर मचाया हड़कंप
  • नीम की दातून, बकरी का दूध और सत्तू है लंबी उम्र का राज
  • डीएम ने आधार से की उम्र की पुष्टि, अब वोटर लिस्ट में भी दर्ज हुआ नाम

प्रदीप विद्रोही, भागलपुर

सब्भे दिन वोट देलो छीये… अंगिका में ये कहते हुए मुस्कुरा उठीं 120 साल की आशा देवी, जब सोशल मीडिया पर यह बात उड़ी कि उन्होंने पहली बार वोटर बनने का दावा किया है। भागलपुर जिले की श्रीमतपुर गांव की रहने वाली आशा देवी आजकल सुर्खियों में हैं। वजह है उनकी चौंकाने वाली उम्र 120 साल! अगर उनके वोटर आईडी और आधार कार्ड की मानें तो उनका जन्म 1 जनवरी 1905 को हुआ था। चुनाव आयोग की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उनका नाम और उम्र दर्ज होते ही मानो इंटरनेट पर तूफान आ गया।

अधिकारी ने की पुष्टि, डीएम ने कहा- आधार में भी यही जन्मतिथि है

बूथ संख्या 292, मिडिल स्कूल फेकू टोला (उत्तर भाग) में जब वोटर लिस्ट का सत्यापन हुआ तो बीएलओ फरजाना खातून को भी यकीन नहीं हुआ। लेकिन दस्तावेज़ पूरे थे। डीएम नवल किशोर चौधरी ने खुद उनके आधार कार्ड की पुष्टि करते हुए कहा – आशा देवी की उम्र दस्तावेज़ों में 120 साल है, जो आधार में भी दर्ज है।

क्या अब बनेंगी दुनिया की सबसे बुज़ुर्ग महिला?

दुनिया में अभी सबसे उम्रदराज़ महिला के तौर पर जापान की 116 साल की तोमिको इतोओका को गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने मान्यता दी है। अगर आशा देवी की उम्र की आधिकारिक पुष्टि हो जाती है, तो वे ग्लोबल रिकॉर्ड में शामिल हो सकती हैं।

बकरी का दूध, सत्तू और नीम की दातून – यही है दादी की ज़िंदगी की रेसिपी

गांव के लोगों से लेकर पंचायत सदस्य मोहम्मद काबिल हुसैन तक सब कहते हैं – दादी की सेहत का राज है उनकी सादगी। हर दिन नाश्ते में सत्तू, बकरी का दूध, और रोटी। और दांत? नीम की दातून से अब भी रोज़ ब्रश करती हैं, हुसैन बताते हैं।

1995 में हुई थीं विधवा, 3 बेटों को खो चुकीं, फिर भी हिम्मत नहीं टूटी

आशा देवी ने 1995 में अपने पति चलितर मंडल को खोया। तब से तीन दशकों से परिवार की मुखिया बनी हुई हैं। उनके 5 बेटे थे, जिनमें से 3 नहीं रहे। 2 बेटियां, 13 पोते, 9 पोतियां और अनगिनत परपोते-पोतियां हैं। बच्चे अलग रहते हैं, लेकिन सभी का प्यार और देखभाल लगातार बनी हुई है।

सीएम को दिया आशीर्वाद, कहा – खूब जियो… ढेर दिन जियो

मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत उन्हें अब ₹1,100 की पेंशन मिलती है। पहले ₹400 मिलते थे। पेंशन बढ़ने पर सीएम नीतीश कुमार और राज्य सरकार को दिया दिल से आशीर्वाद – खूब जियो… खूब जियो ढेर दिन। फिलवक्त, अगर दादी की उम्र की पुष्टि हो गई, तो बन सकती हैं दुनिया की सबसे उम्रदराज़ महिला।