पटना में शुरू हुआ व्यास पूर्णिमा महोत्सव

पटना, गेट पब्लिक लाइब्रेरी एंड इंस्टिट्यूट, गर्दनीबाग, पटना में श्री गुरु व्यास पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ हो चुका है। इस भव्य आयोजन में जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्रीरामचंद्राचार्य परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने महोत्सव को दिव्यता से आलोकित कर दिया। स्वामी आगमानंद जी श्री शिवशक्ति योगपीठ नवगछिया के पीठाधीश्वर एवं श्री उत्तरतोताद्रि मठ विभीषणकुंड अयोध्या के उत्तराधिकारी हैं। वे भारतभर में अपने आध्यात्मिक संदेशों, वेदांत दर्शन और सनातन परंपरा की पुनर्स्थापना हेतु प्रसिद्ध हैं। शाम 5 बजे महोत्सव का विधिवत उद्घाटन बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान करेंगे।श्री शिवशक्ति योगपीठ एवं उत्सव समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव देशभर से पधारे शिष्यों, साधकों और श्रद्धालुओं के बीच एक आध्यात्मिक संगम का रूप ले चुका है। गुरुदेव के दर्शन, प्रवचन और आशीर्वचन के लिए दूर-दराज से अनुयायी पटना पहुंच रहे हैं। पूरा आयोजन क्षेत्र भक्ति, शांति और श्रद्धा के वातावरण से गुंजायमान हो उठा है।