चक्का जाम के बीच शराबी का हंगामा: “तेजस्वी को बोलो, हर जगह बिक रही है शराब!”

खगड़िया, जहाँ एक ओर इंडिया गठबंधन द्वारा सघन मतदाता पुनरीक्षण अभियान के खिलाफ राज्यभर में सड़क पर प्रदर्शन किया जा रहा था, वहीं खगड़िया के मड़ैया बाजार में आंदोलन के दौरान एक अलग ही नज़ारा देखने को मिला। प्रदर्शन के बीच एक शराबी युवक बाइक पर सवार होकर जाम को पार करने की कोशिश करने लगा। जब आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं ने उसे रोका, तो वह भड़क उठा और शराब के नशे में जमकर बवाल करने लगा। “हाँ, मैंने शराब पी है। बिहार में हर जगह शराब बिकता है। तेजस्वी को बोलो, सब जगह बिक रहा है।” यह कहने के बाद वह बार-बार कैमरे की ओर इशारा करते हुए बोलता रहा, “इसे प्रसारित मत कर देना।” जब शराबी से उसका नाम पूछा गया तो उसने खुद को चंदन झा बताया, लेकिन जैसे ही घर का पता पूछा गया तो बोला –“तिकड़म मत करो… जय सियाराम।” इस दृश्य को देखकर वहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। अब जहां कुछ देर पहले राजनीतिक नारे गूंज रहे थे, वहीं अब लोग उससे मजे लेने लगे —“कहाँ से ली शराब?” “सुबह-सुबह ही पी ली?” विडंबना यह है कि एक ओर सत्तापक्ष शराबबंदी को लेकर खुद को प्रतिबद्ध बताता है, वहीं दूसरी ओर जनता के बीच से इस तरह के दृश्य सवाल खड़े करते हैं कि क्या शराबबंदी सिर्फ कागज़ों तक सीमित है?